जनसेवा से मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष का जन्मदिन: डॉ. सीता यादव ने अस्पताल में बांटे फल व जूस
भोगनीपुर की सपा नेत्री ने मां पीताम्बरा हॉस्पिटल में मरीजों का जाना हाल, सीमा राजभर की दीर्घायु की मांगी दुआएं

अमन यात्रा लाइव / (भोगनीपुर)। समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर के आगामी 10 अगस्त को होने वाले जन्मदिन के उपलक्ष्य में क्षेत्र में सेवा कार्यों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में भोगनीपुर विधानसभा 208 से सपा नेत्री डॉ. सीता यादव द्वारा मां पीताम्बरा हॉस्पिटल में एक मानवीय पहल की गई। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच फल, जूस, बिस्किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया।
इस दौरान डॉ. सीता यादव ने बेड पर मौजूद एक-एक मरीज का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की। मरीजों के बीच राहत सामग्री बांटते हुए उन्होंने कहा कि समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और संकट व बीमारी की घड़ी में जरूरतमंदों का सहारा बनना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना की गई। डॉ. सीता यादव ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि सीमा राजभर सदैव स्वस्थ और खुशहाल रहकर समाजवादी विचारधारा और संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करती रहें। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ता व अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।



