उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूजलखनऊ

पीएमश्री स्कूलों के छात्र करेंगे शैक्षिक भ्रमण, सरकार प्रति छात्र खर्च करेगी ₹500

प्रति छात्र ₹500 की दर से ₹9.60 करोड़ स्वीकृत, 30 नवंबर 2026 तक पूरा करना होगा भ्रमण।

राजेश कटियार, लखनऊ/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के पीएमश्री विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 में एक्सपोजर विजिट (शैक्षिक भ्रमण) का आयोजन किया जाएगा।

राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी की ओर से प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश और बजट जारी कर दिया गया है। इस योजना के तहत प्रदेश के 1129 कम्पोजिट विद्यालयों में नामांकित कुल 192184 विद्यार्थियों को उनके ही जनपद या आस-पास के महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं औद्योगिक संस्थानों, स्टार्ट-अप व ओडीओपी केंद्रों, विज्ञान पार्कों, संग्रहालयों, ऐतिहासिक स्थलों, प्रतिष्ठित रिसर्च इंस्टीट्यूटों और कृषि विश्वविद्यालयों का भ्रमण कराया जाएगा।

इसके लिए सरकार प्रति छात्र ₹500 की दर से कुल नौ करोड़ साठ लाख बयानवे हजार रुपये की धनराशि मंजूर कर चुकी है जिसमें से प्रति छात्र ₹200 बस किराए के लिए, ₹200 भोजन व पानी के लिए, ₹50 स्नैक्स के लिए और ₹50 नोटबुक व पेन के लिए निर्धारित किए गए हैं। आदेश में छात्रों की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि एक्सपोजर विजिट पर जाने वाले हर छात्र के माता-पिता या अभिभावक से लिखित सहमति लेना अनिवार्य होगा और यात्रा के दौरान बस में फर्स्ट-एड बॉक्स व आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। इस पूरी विजिट और बजट को खर्च करने की अंतिम समय सीमा 30 नवंबर 2026 तय की गई है।

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा पैदा करना है जिसके लिए विजिट से लौटने के बाद विद्यार्थियों से एक पृष्ठ का निष्कर्ष लिखवाया जाएगा और ब्लॉक स्तर पर विज्ञान प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन व मॉडल मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

Related Articles

AD
Back to top button