कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

राजपुर : दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने दमनपुर रोड के पास से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।

कानपुर देहात के थाना राजपुर पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पीड़िता की अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म का मामला

यह मामला दिसंबर 2025 का है जब पीड़िता ने थाना राजपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी विमल उससे अश्लील बातें करता था और उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाकर उन्हें वायरल कर दिया था। आरोपी ने न केवल पीड़िता को गाली-गलौज दी बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर मामले में दुष्कर्म की धारा 64(1) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

थाना राजपुर पुलिस की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आज दमनपुर रोड कस्बा राजपुर बम्बा के पास से अभियुक्त विमल को गिरफ्तार कर लिया। 22 वर्षीय यह आरोपी औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के भर्रापुर गांव का रहने वाला है। गिरफ्तारी करने वाली टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। कानपुर देहात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात: पुलिस अधीक्षक ने परखी गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां, पुलिस लाइन में हुआ भव्य रिहर्सल

Related Articles

AD
Back to top button