कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर नगर: कड़ाके की ठंड और शीतलहर को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने जारी की विस्तृत एडवाइजरी

निराश्रितों की मदद के लिए लेखपाल से संपर्क करने की अपील

कानपुर नगर में लगातार गिरते पारे और बढ़ती शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आम जनमानस की सुरक्षा के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि मौसम के प्रति सावधानी और थोड़ी सी सतर्कता बरतकर स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों और जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह एडवाइजरी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से नागरिकों को जागरूक करने के लिए जारी की गई है।

अलाव और हीटर के उपयोग में सावधानी जरूरी जिलाधिकारी ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि बंद कमरों में कोयले की अंगीठी, मिट्टी तेल का चूल्हा या हीटर का प्रयोग करते समय वेंटिलेशन का पूरा ध्यान रखें। जहरीली गैस या धुआं कमरे में एकत्र होने से दम घुटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। सोते समय अलाव या सिगड़ी को पूरी तरह बुझा देना चाहिए ताकि आगजनी का खतरा न रहे।

ठंड से बचाव के कारगर उपाय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि ठंड से बचने के लिए कई परतों वाले ऊनी कपड़े पहनें। सिर, गर्दन और हाथ-पैर को ढकने के लिए टोपी, मफलर और दस्ताने का उपयोग करें। गीले कपड़ों को तुरंत बदलें और शरीर को सूखा रखें। खान-पान में विटामिन-सी युक्त फलों और गर्म पेय पदार्थों को शामिल करें। धूप निकलने पर उसका आनंद लें और छोटे बच्चों व बुजुर्गों को अनावश्यक बाहर न निकलने दें।

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज एडवाइजरी में हाइपोथर्मिया और शीतदंश जैसे गंभीर खतरों के प्रति आगाह किया गया है। यदि किसी व्यक्ति में अत्यधिक ठिठुरन, सुस्ती, थकान, याददाश्त कम होना या तुतलाहट जैसे लक्षण दिखें, तो यह हाइपोथर्मिया का संकेत हो सकता है। वहीं, उंगलियों या नाक का सुन्न होना और त्वचा पर सफेद या पीले दाग पड़ना शीतदंश की निशानी है। ऐसी स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल से संपर्क करना चाहिए।

निराश्रितों की मदद के लिए आगे आएं नागरिक जिलाधिकारी ने अपील की है कि यदि आसपास कोई निराश्रित, बीमार या असहाय व्यक्ति ठंड से ठिठुरता दिखे, तो क्षेत्रीय लेखपाल के माध्यम से उसे निशुल्क कंबल और आश्रय दिलाने में सहयोग करें। प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था की है। साथ ही अपने पड़ोस में रहने वाले अकेले बुजुर्गों का भी ख्याल रखने की सलाह दी गई है।

पशु-पक्षियों का भी रखें ख्याल इंसानों के साथ-साथ पालतू पशुओं और पक्षियों को भी ठंड से बचाने के निर्देश दिए गए हैं। उनके बाड़ों को ऊष्मा रोधी बनाएं और खिड़की-दरवाजों को ढक कर रखें, हालांकि वेंटिलेशन के लिए थोड़ा स्थान खुला छोड़ना अनिवार्य है।

ये भी पढ़े-  कानपुर नगर: कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर, जिलाधिकारी ने बदला स्कूलों का समय

Related Articles

AD
Back to top button