कानपुर देहात में तेज रप्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर,दो मजदूर घायल
ट्रैक्टर चालक ने कूदकर बचाई जान,टला बड़ा हादसा

कानपुर देहात के सट्टी थाना क्षेत्र के अफसरिया गांव के सामने मुगल रोड पर गुरुवार को एक तेज रप्तार ओवरलोड ट्रक ने ईंटों से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हालांकि ट्रैक्टर चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली।हादसे में ट्रैक्टर में सवार तीन मजदूरों में से दो को मामूली चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को सड़क से हटाकर यातयात सामान्य कराया गया।भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के रैगवां गांव निवासी ट्रैक्टर चालक संदीप ने बताया कि वह कमलपुर स्थित ईंट भट्टे से ईंट लादकर उरई जा रहा था।ट्रैक्टर में उसके अलावा तीन अन्य मजदूर भी बैठे थे।अफसरिया गांव के निकट बालू लदे ट्रक ने उनके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से ठीक पहले उसने सड़क पर कूदकर अपनी जान बचाई।घायल मजदूरों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।थाना प्रभारी कालीचरन कुशवाहा ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है।तहरीर मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



