औरैया: कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच ‘विचित्र पहल’ का सहारा, जरूरतमंदों को पिलाई गर्म चाय
सुभाष चौक पर सुबह-सुबह उमड़ी भीड़, समाजसेवियों ने बांटकर राहत पहुंचाई

औरैया: जनपद में सर्दी का सितम बढ़ने लगा है। घने कोहरे और बर्फीली हवाओं के बीच आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में समाजसेवी संगठन ‘एक विचित्र पहल सेवा समिति’ ने अपनी पुरानी परंपरा को निभाते हुए मानवता की मिसाल पेश की है। आज शनिवार, 20 दिसंबर 2025 को सुबह 8 बजे जब पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा था, तब समिति के सदस्यों ने सुभाष चौक पर इकट्ठा होकर राहगीरों और जरूरतमंदों की सेवा की।
गर्म चाय और नमकीन से मिली ठिठुरन से राहत
समिति द्वारा आयोजित इस शिविर में सर्दी से ठिठुर रहे बाबाओं, साधुओं, निराश्रितों, सफाई कर्मियों और दैनिक मजदूरों को गर्म चाय के साथ नमकीन का वितरण किया गया। सड़क पर काम करने वाले रिक्शा, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने भी इस गर्म चाय का आनंद लिया। ठिठुरती सुबह में अचानक मिली इस सेवा से लोगों के चेहरों पर राहत दिखाई दी और सभी ने संस्था के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
कोहरे और मंदी के बीच सेवा का संकल्प
संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने कहा कि कोहरे और भीषण सर्दी का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ता है जो दैनिक मजदूरी करते हैं। वहीं समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि पौष माह में सहालग न होने और छोटा दिन होने के कारण व्यापारियों और रोज कमाने-खाने वालों के सामने आर्थिक संकट भी रहता है। ऐसे कठिन समय में सूर्य देव के दर्शन भी दुर्लभ हैं, इसलिए समिति ने लोगों को राहत देने के लिए यह छोटा सा प्रयास किया है।
इस सेवा कार्य में विशेष सहयोगी विनोद पोरवाल, रामआसरे गुप्ता, सर्वेश शर्मा, चिकित्सक एल.एन. गुप्ता, हिंमाशु दुबे, सुधीर कुमार और सतीश पोरवाल सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ये भी पढ़े- औरैया: अछल्दा में झूठा मुकदमा दर्ज कराने वाले अभियुक्त असलहे के साथ दबोचे गए



