कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का जनसैलाब, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किया नेतृत्व

बरौर में देशभक्ति के जयकारों के साथ बालेश्वर धाम तक निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा

कानपुर देहात। “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत तहसील भोगनीपुर क्षेत्र के बरौर में आज एक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में प्रदेश सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सचान की गरिमामयी उपस्थिति रही। यात्रा का शुभारंभ पटेल इंटर कॉलेज, बरौर से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए बालेश्वर धाम मंदिर तक संपन्न हुई।

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था एवं सम्मान व्यक्त किया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के गीतों एवं नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा रहा।
इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सचान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और समर्पण का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर, प्रतिष्ठान एवं कार्यस्थल पर तिरंगा फहराकर देश की आन-बान-शान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करनी चाहिए।” उन्होंने युवाओं से देशहित में सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सचान व अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने तिरंगा यात्रा को राष्ट्रीय एकता और जनजागरूकता का सशक्त माध्यम बताया। यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर तहसीलदार/मजिस्ट्रेट, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा के माध्यम से आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा “हर घर तिरंगा” अभियान के उद्देश्यों के प्रति व्यापक जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।

 

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात: “राष्ट्रभक्ति का संदेश तिरंगे के तले एक देश” थीम लेकर गजनेर में निकाली गयी यात्रा में दिखी एकता


 

Related Articles

AD
Back to top button