गजनेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध तमंचे और कारतूस के साथ शातिर अपराधी टीपू गिरफ्तार
अभियुक्त के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद।

कानपुर देहात में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान में गजनेर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने शनिवार रात घेराबंदी कर एक शातिर अपराधी को अवैध असलहे के साथ दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस की गाड़ी देखते ही भागने लगा संदिग्ध
गजनेर पुलिस टीम शनिवार को गोगूमऊ और दुलारी गांव के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मन्नापुर मोड़ के पास एक व्यक्ति पुलिस की गाड़ी की रोशनी देखते ही सकपका गया और रास्ता बदलकर भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर उपनिरीक्षक शोभित कटियार ने टीम के साथ पीछा कर उसे महज 20 कदम की दूरी पर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ।
करसा गांव का रहने वाला है शातिर शत्रुघ्न
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान शत्रुघ्न सिंह उर्फ टीपू निवासी ग्राम करसा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन जामा तलाशी में असलहा मिलने के बाद उसकी पोल खुल गई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, टीपू पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। गजनेर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी पूरी कर ली है।
ये भी पढ़े- kanpur dehat breaking : बहन के हत्यारे भाई को मूसानगर पुलिस ने दबोचा



