मंगलपुर में लाखों के गहने समेत कीमती सामान पार
गृहस्वामी की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी

पुखरायां।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के जैतापुर गांव में बीती शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और अन्य कीमती सामान पार कर दिए।चोरों ने घर की ऊपरी मंजिल पर बने दो कमरों में रखे लॉकर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।गृहस्वामी की सूचना पर पुलिस जांच में जुट गई है।जैतापुर गांव निवासी विजय सिंह भदौरिया ने बताया कि चोरी गए सामान में चार अंगूठियां,एक मंगलसूत्र, पायलें,एक चांदी का डिनर सेट और नाक कान से सोने के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान शामिल है।रविवार सुबह जब वह टहलने निकले और घर का एक दरवाजा खुला देखा।बाद में उनके बेटे अंशुमान सिंह ने पाया कि उनका कमरा बाहर से बंद था।उन्होंने अपने भाई अखंड प्रताप सिंह को फोन किया तो उनका दरवाजा भी बाहर से बंद मिला।आशंका होने पर उन्होंने दरवाजा खोला और दूसरे कमरों में जाकर देखा तो दोनों सेफ खुली पड़ी थीं और कीमती सामान गायब था।विजय सिंह भदौरिया का मकान गांव के किनारे स्थित है।उनके पांच बेटे फौज में हैं।जिनमें से दो बेटे अखंड प्रताप सिंह और अंशुमान सिंह अवकाश पर घर आए हुए थे।विजय सिंह भदौरिया ने पुलिस को बताया कि चोर बाउंड्रीवाल से होकर शौचालय की छत के रास्ते से ऊपरी मंजिल पर पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।सूचना मिलते ही मंगलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।प्रभारी थाना इंचार्ज इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जांच की है।मामले की गहनता से जांच की जा रही है।जल्द घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।



