बेवफा मंगेतर ने बुना मौत का जाल: शादी से पहले प्रेमी संग मिलकर पति की गला काटकर हत्या, प्रेमिका समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

- • मंगेतर ने ही रची थी हत्या की साजिश, प्रेमी को दी थी पल-पल की लोकेशन।
- • 7 मई को होनी थी शादी, 2 अप्रैल को चाकू से गोदकर कर दी गई हत्या।
- • पुलिस ने आलाकत्ल चाकू, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की।
- • मुख्य अभियुक्त सागर राजपूत, कोमल और एक बाल अपचारी पुलिस गिरफ्त में।
कानपुर देहात की शिवली कोतवाली पुलिस ने राजाबाबू हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस युवती के साथ मृतक ने मंदिर में शादी रचाई थी और 7 मई को सामाजिक तौर पर सात फेरे लेने वाला था, उसी मंगेतर ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मंदिर में रचाई शादी, फिर मंगेतर ही बनी काल
सचेंडी कानपुर नगर निवासी रामलखन के पुत्र राजाबाबू का प्रेम प्रसंग कोमल नामक युवती से चल रहा था। दोनों ने मंदिर में शादी भी कर ली थी और परिजनों ने आगामी 7 मई को धूमधाम से विवाह तय किया था। लेकिन इसी बीच कोमल का पूर्व प्रेमी सागर उसकी जिंदगी में वापस लौट आया। सागर के दोबारा संपर्क में आते ही कोमल ने राजाबाबू को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
लोकेशन देकर सुनसान रास्ते पर बिछाया मौत का जाल
2 मार्च को साजिश के तहत कोमल ने फोन कर राजाबाबू को मिलने के लिए बुलाया। कोमल पल-पल की लोकेशन अपने प्रेमी सागर को दे रही थी। जैसे ही राजाबाबू मकरंदपुर बंधा नहर रोड के पास पहुँचा, सागर और उसके साथियों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसका गला काट दिया और शव को गेहूं के खेत में फेंककर फरार हो गए। पुलिस को छानबीन में मृतक की कॉल डिटेल से कोमल पर शक हुआ, जिसके बाद कड़ी पूछताछ में उसने सारा सच उगल दिया।
खून से सनी शर्ट और कत्ल का चाकू बरामद
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सागर और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, राजाबाबू का टूटा हुआ मोबाइल और घटना के वक्त पहनी गई खून से सनी शर्ट बरामद कर ली गई है। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में प्रेमिका समेत तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: जन आरोग्य मेले में 218 मरीजों का सफल इलाज



