उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

चयन व प्रोन्नत वेतनमान के लिए अब शिक्षक नहीं होंगे परेशान, बीएसए ने लेखाधिकारी को जारी किया तगड़ा आदेश

राजेश कटियार,कानपुर देहात। जिले के परिषदीय शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने निर्देश जारी किया है कि अब शिक्षकों के चयन वेतनमान का भुगतान केवल ऑनलाइन ई-सर्विस बुक के आधार पर ही किया जाएगा। शासन के आदेशानुसार अब शिक्षकों की सेवा पुस्तिका और एलपीसी का रख-रखाव केवल ऑनलाइन माध्यम से ही मान्य होगा। भौतिक अभिलेखों की मान्यता समाप्त कर दी गई है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे एक सप्ताह के भीतर मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों के सेवा और वेतन विवरण को त्रुटि रहित अपडेट करना सुनिश्चित करें। इस कदम से चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान और अन्य सेवा संबंधी कार्यों के निस्तारण में तेजी आएगी और मानवीय हस्तक्षेप कम होगा। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में सभी प्रकार के भुगतानों और सेवा संबंधी लाभों के लिए केवल मानव संपदा पोर्टल पर उपलब्ध डेटा को ही आधार माना जाएगा। इसके लिए उन्होंने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा हरिकेश बहादुर को स्पष्ट आदेश जारी कर दिया है। बताते चलें परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को चयन व प्रोन्नत वेतनमान का लाभ समय से न मिलने पर जनपद में असंतोष बढ़ रहा था। प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए लागू मानव संपदा पोर्टल जमीनी स्तर पर कारगर साबित नहीं हो पा रहा थी। शिक्षकों का कहना है कि 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूर्ण करने के बाद मिलने वाला चयन वेतनमान भी समय पर स्वीकृत नहीं हो पा रहा है। कई मामलों में निर्धारित समय सीमा से छह माह से अधिक समय बीतने के बावजूद फाइलें लंबित हैं। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बावजूद शिक्षकों को बार-बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। जनपद के विभिन्न विकासखंडों से मिली जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में पात्र शिक्षक अभी भी चयन व प्रोन्नत वेतनमान के लाभ से वंचित हैं। इससे शिक्षकों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। शिक्षकों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ऑनलाइन प्रणाली का उद्देश्य पारदर्शिता और सुविधा बढ़ाना था लेकिन वर्तमान स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। पोर्टल पर लंबित मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शिक्षकों ने नवागंतुक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय से मांग की कि चयन व प्रोन्नत वेतनमान से जुड़े मामलों का जल्द निस्तारण कराया जाए और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर समयबद्ध कार्यवाही की जाए ताकि शिक्षकों को उनका अधिकार समय पर मिल सके। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ही वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा को स्पष्ट आदेश जारी कर मानव संपदा पोर्टल के ई सर्विस बुक के आधार पर शिक्षकों के चयन वा प्रोन्नत वेतनमान का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

AD
Back to top button