गंगा दशहरा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कानपुर देहात के 10 खतरनाक घाटों पर स्नान पूरी तरह प्रतिबंधित
पुलिस प्रशासन ने लगाए 35 चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं से सुरक्षित घाटों पर ही स्नान की अपील

कानपुर देहात: आगामी गंगा दशहरा पर्व और गंगा मेला को लेकर कानपुर देहात पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पर्व के दौरान विभिन्न घाटों और जल स्रोतों पर बड़ी संख्या में जुटने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद और सभी क्षेत्राधिकारियों की मौजूदगी में जिले के सुरक्षा प्रबंधों को अंतिम रूप दिया गया है। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसे 10 खतरनाक घाटों और स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहाँ पानी गहरा होने के कारण डूबने की आशंका सबसे अधिक रहती है। इन सभी संवेदनशील और खतरनाक स्थानों पर श्रद्धालुओं के जाने को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
श्रद्धालुओं को जागरूक करने और किसी भी संभावित हादसे को ट रोकने के लिए इन चिन्हित स्थानों पर कुल 35 चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इसके साथ ही नदी के गहरे पानी की तरफ जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कराने का काम भी तेजी से किया जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनमानस और सभी श्रद्धालुओं से पुरजोर अपील की है कि वे इन प्रतिबंधित व खतरनाक घाटों पर स्नान करने कतई न जाएं। लोग केवल सुरक्षित और प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए घाटों पर ही स्नान व पूजा-अर्चना करें। इसके साथ ही स्नान के दौरान अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें गहरे पानी की ओर न जाने दें, क्योंकि आपकी सुरक्षा ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



