कानपुर देहात : रुरा पुलिस की बड़ी सफलता, 6 साल से फरार 20 हजार का इनामी शातिर चोर गिरफ्तार
औरैया के डगराहा मोड़ से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया अभियुक्त

कानपुर देहात: जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित/पुरस्कार घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 6 साल से फरार चल रहे 20,000 रुपये के इनामी अंतर्जनपदीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय राजपूत पुत्र राजेंद्र बाबू (उम्र करीब 23 वर्ष), निवासी झपटियापुर, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया के रूप में हुई है। अभियुक्त की गिरफ्तारी न हो पाने के कारण पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात द्वारा उस पर 20,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
1 अगस्त 2026 को थाना रुरा पुलिस टीम ने सुरागरसी व पतारसी के दौरान गैरजनपद औरैया के ग्राम डगराहा की ओर जाने वाले मोड़ के पास से मुखबिर की सटीक सूचना पर अभियुक्त को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ कानपुर देहात के रुरा व मंगलपुर तथा औरैया के दिबियापुर व फफूंद थानों में चोरी और अन्य धाराओं में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज, उपनिरीक्षक उदय सिंह, कांस्टेबल आशीष कुमार, सचिन कुमार और मोहित राठौर शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश को 2027 तक बाल श्रम मुक्त बनाने की तैयारी



