PCS परीक्षा: नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु जिलाधिकारी और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण
अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप की स्थिति बनी रही।
जालौन। आज आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 एवं सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को पूरी तरह से पारदर्शी, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने स्वयं परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप की स्थिति बनी रही।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों, जिनमें आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज (GIC), राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC), और बेनी माधव तिवारी इंटर कॉलेज शामिल थे, का दौरा किया। उन्होंने केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और कक्ष निरीक्षकों की तैनाती का गहनता से अवलोकन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने केंद्र व्यवस्थापकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी परीक्षार्थी किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा हॉल में प्रवेश न कर पाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का एकमात्र लक्ष्य अभ्यर्थियों को एक भयमुक्त और निष्पक्ष माहौल प्रदान करना है, ताकि वे शांतिपूर्वक अपनी परीक्षा दे सकें।
प्रशासन के इस कड़े रुख और सक्रियता के चलते जिले में दोनों परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।



