कानपुर देहात: बेकाबू साइलेंसर और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस का डंडा, वसूला 22 लाख से अधिक जुर्माना
कानपुर देहात में एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 256 वाहनों का हुआ चालान

कानपुर देहात में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात उत्तर प्रदेश के आदेशों के अनुक्रम में और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के कुशल निर्देशन में शनिवार रात जिला पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। इस विशेष चेकिंग अभियान का मुख्य फोकस मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट और शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर रहा।
अभियान के तहत सभी क्षेत्राधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मिलकर शनिवार रात 08:00 बजे से 11:00 बजे के बीच अपने-अपने थाना क्षेत्रों के मुख्य चौराहों और मार्गों पर सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न और नंबर प्लेटों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही, देर रात हुड़दंग मचाने और नशा करके वाहन चलाने वालों को पकड़ने के लिए ब्रीथ एनालाइजर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया, जिससे नशेड़ी चालकों में हड़कंप मच गया।
इस तीन घंटे के सघन अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 256 वाहनों का चालान काटा गया। इसके साथ ही, नियम तोड़ने वाले वाहन स्वामियों से कुल 22,05,000 (बाइस लाख पांच हजार) रुपये का शमन शुल्क वसूल कर विधिक कार्रवाई की गई। मॉडिफाइड साइलेंसर से आवाज प्रदूषण फैलाने और नशे की हालत में स्टीयरिंग थामने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की सुसंगत धाराओं के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और आम जनता की जान-माल के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढील स्वीकार्य नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इस प्रकार के औचक और आकस्मिक चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे। कानपुर देहात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए कभी भी नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।



