अब ‘लाइन’ नहीं, ‘ऑनलाइन’ मिलेंगी सुविधाएं! ESI ने कानपुर से शुरू किया डिजिटल महा-अभियान
मंत्री अनिल राजभर ने लॉन्च किया 'आरोग्य शक्ति' मिशन; निदेशक सौम्या पाण्डेय बोलीं- तकनीक से बदलेंगे श्रमिकों की तकदीर।
कानपुर। नगर के विकास नगर स्थित एचबीटीयू वेस्ट कैंपस का शताब्दी भवन गुरुवार की शाम कर्मचारी राज्य बीमा योजना उत्तर प्रदेश के इतिहास में एक नए अध्याय और डिजिटल क्रांति का गवाह बना। यहाँ आयोजित भव्य आरोग्य मंथन-2025 कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने बीमित श्रमिकों के लिए हाईटेक सुविधाओं का पिटारा खोलते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया।
सांय छह बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे मंत्री श्री राजभर ने बटन दबाकर तीन अत्यंत महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ किया। इनमें सबसे प्रमुख अशोका यूनिवर्सिटी के सीएसबीसी के सहयोग से विकसित क्यूआर-इनेबल्ड माइक्रोसाइट है। यह तकनीकी पहल बीमित श्रमिकों को अब डिजिटल माध्यम से बेहद सरल, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। इसके साथ ही महिला बीमितों के स्वास्थ्य संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आरोग्य शक्ति अभियान का आगाज किया गया, जिसके तहत अब प्रदेश भर में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। वहीं विभाग की उपलब्धियों, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और भविष्य की रूपरेखा को समेटे आरोग्य संकल्प पत्रिका का भी विमोचन मंच से किया गया।
अपने संबोधन में श्रम मंत्री अनिल राजभर ने जोर देकर कहा कि ईएसआई योजना का उद्देश्य केवल इलाज मुहैया कराना नहीं है, बल्कि श्रमिकों और उनके परिवारों को सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई डिजिटल पहल और माइक्रोसाइट सेवा प्रदायगी में पारदर्शिता और जवाबदेही को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम ने इन पहलों को श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए गेम-चेंजर बताया। उन्होंने कहा कि माइक्रोसाइट के जरिए योजनाओं की जानकारी अब हर श्रमिक की पहुंच में होगी, जिससे प्रक्रियाएं सुगम बनेंगी, जबकि आरोग्य शक्ति अभियान सीधे तौर पर महिला स्वास्थ्य सुरक्षा पर व्यापक और सकारात्मक प्रभाव डालेगा।
कार्यक्रम की आयोजक और ईएसआई योजना की निदेशक श्रीमती सौम्या पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आरोग्य मंथन-2025 तकनीक-सक्षम स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक निर्णायक और ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विजन-2047 के अनुरूप श्रमिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए ये प्रयास मील का पत्थर साबित होंगे। उनका कहना था कि ये तीनों पहलें विभागीय सेवाओं को न केवल नई गति और दिशा देंगी बल्कि बीमितों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी निर्णायक सिद्ध होंगी।
इस गरिमामयी आयोजन में विशेष सचिव श्रम नीलेश कुमार सिंह सहित ईएसआई निगम, भविष्य निधि संगठन और क्षेत्रीय श्रम संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न चिकित्सालयों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ और फार्मासिस्ट, मीडिया से दैनिक अमन यात्रा के प्रधान संपादक वीरेंद्र शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम की रौनक तब और बढ़ गई जब श्रम विभाग के अटल आवासीय विद्यालय और विहान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभागार में मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया। विभिन्न सेवायोजक संगठनों और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति ने इस आयोजन को और अधिक सार्थकता प्रदान की।



