उनके झंडे का रंग लाल है, लेकिन तिरंगे के प्रति समर्पण नहीं: संजय निषाद
कानपुर देहात के अकबरपुर में गूंजा राष्ट्रगान, 400 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा
सुशील त्रिवेदी,कानपुर देहात: आजादी के अमृत महोत्सव के तहत “हर घर तिरंगा” अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए गुरुवार को अकबरपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा ने पूरे कस्बे को तिरंगामय कर दिया।
इंटर कॉलेज से बस स्टॉप तक देशभक्ति का सैलाब
तिरंगा यात्रा अकबरपुर इंटर कॉलेज से प्रारंभ हुई और अकबरपुर फ्लाईओवर होते हुए बस स्टॉप पर 2 किलोमीटर यात्रा संपन्न हुई। यात्रा का नेतृत्व कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी संजय निषाद जिला अध्यक्ष रेणुका सचान जिलाधिकारी कपिल सिंह एसपी श्रद्धा पांडे ने किया। उनके साथ विधायक पूनम शंखवार, विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में जनमानस शामिल हुआ।
छात्रों ने थामा कई फीट लंबा तिरंगा
यात्रा की सबसे खास बात रही स्कूली छात्र-छात्राओं की भागीदारी। दर्जनों छात्र-छात्राओं ने मिलकर कई फीट लंबा तिरंगा अपने कंधों पर उठाया। पूरा मार्ग “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा। बच्चे राष्ट्रगान गाते हुए अनुशासित कतार में चले। राहगीरों और दुकानदारों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
संजय निषाद का विपक्ष पर प्रहार
समापन समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा, “तिरंगा हमारा गौरव है, हमारी पहचान है। आज देश भर में हर घर तिरंगा लहरा रहा है। लेकिन कुछ लोग हैं जो राजनीति कर रहे हैं। उनके झंडे का रंग लाल हो सकता है, लेकिन तिरंगे के प्रति उनके मन में समर्पण नहीं है।” उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश को नई ऊंचाई दी है। तिरंगा आज दुनिया में सम्मान से लहराता है। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे। हमें अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति का संकल्प लेना है।”
नेताओं ने रखे विचार –
- विधायक पूनम शंखवार ने कहा कि “तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है।”
- एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने युवाओं से अपील की कि “वे देश के विकास में अपना योगदान दें।”
- जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि “छात्र-छात्राओं ने साबित किया कि नई पीढ़ी देश के लिए समर्पित है।”
- सभी कार्यकर्ताओं और स्कूल प्रबंधन को धन्यवाद दिया। ब्लाक प्रमुख राजेश शुक्ल सैकड़ो वाहन के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन तिरंगा यात्रा के प्रभारी जिला उपाध्यक्ष के पी सिंह द्वारा किया गया और अंत में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा संपन्न हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व विधायक विनोद कटियार निर्मला शंखवार राजेश सचान डॉ सतीश शुक्ला महामंत्री बबलू शुक्ला सत्यम सिंह चौहान पूर्व विधान सभा प्रत्याशी सौरभ मिश्रा ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला राइस मिल एसोसिएशन प्रदेश अध्यक्ष विनय शुक्ला मलखान सिंह चौहान कमलेश दिवाकर अनूप सिंह जादौन विकास मिश्रा जिला मीडिया प्रभारी आदि रहे।



