शिक्षाउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

यूपी के सरकारी स्कूलों में साल में 4 बार होगी पीटीएम, अभिभावकों को जागरूक करने के लिए जारी हुए ₹13.19 करोड़

परिषदीय व कस्तूरबा विद्यालयों में अगस्त, अक्टूबर, दिसंबर और फरवरी में होंगी बैठकें; कमजोर बच्चों के अभिभावकों की उपस्थिति पर रहेगा विशेष जोर

राजेश कटियार,कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के परिषदीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पैरेंट-टीचर मीटिंग (पीटीएम) को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य परियोजना निदेशक द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश और ₹13.19 करोड़ से अधिक का बजट जारी किया गया है।

पूरे शैक्षिक सत्र के दौरान चार चरणों (अगस्त 2026, अक्टूबर 2026, दिसंबर 2026 और फरवरी 2027 के तीसरे सप्ताह) में अलग-अलग विषयों के तहत इन बैठकों का आयोजन होगा जिसके लिए प्रति विद्यालय प्रति पीटीएम ₹250 की धनराशि निर्धारित की गई है। प्रधानाध्यापक को निमंत्रण पत्र, व्हाट्सएप और फोन के जरिए अभिभावकों को आमंत्रित करने तथा कमजोर व लगातार अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में बच्चों की शैक्षिक प्रगति, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) की धनराशि का सदुपयोग, निपुण भारत, दीक्षा ऐप, विद्यालय से बाहर के बच्चों का नामांकन और विद्यालय की सुविधाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, पीटीएम की तिथि, प्रतिभागियों की संख्या, फोटो और विवरण को प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है, जिसकी निगरानी जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों द्वारा की जाएगी तथा खर्च किए गए बजट का वित्तीय नियमों के अनुसार संपूर्ण रिकॉर्ड रखना होगा।

बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि राज्य परियोजना महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी परिषदीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पीटीएम के प्रभावी आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित चारों चरणों में अभिभावकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है।

हमारा मुख्य फोकस कमजोर और अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों से सीधे संवाद कायम कर उन्हें बच्चों की शैक्षिक प्रगति, डीबीटी राशि के सदुपयोग और निपुण भारत मिशन से जोड़ना है। प्रेरणा पोर्टल पर बैठक का विवरण अनिवार्य रूप से अपलोड कराया जाएगा तथा जारी बजट के उपयोग में वित्तीय पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

Related Articles

AD
Back to top button