कानपुर देहात: प्रेम विवाह की मिली खौफनाक सजा इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
चेन्नई में मंदिर में रचाई थी शादी भागकर घर लौटे अवधेश पर हुआ था जानलेवा हमला

- युवती के परिजनों पर बेरहमी से पिटाई का आरोप वीडियो जारी कर रोशन ने पहले ही जताया था खतरा
कानपुर देहात। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में प्रेम विवाह के विवाद में एक युवक की जान चली गई। 22 वर्षीय अवधेश उर्फ मोनू की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई जिसके बाद परिजनों ने युवती के परिवार पर सुनियोजित हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक अवधेश ने 15 अक्टूबर 2025 को पड़ोस में रहने वाले दिलशाद की पुत्री रोशन के साथ भागकर चेन्नई के एक मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद दोनों वहां पति-पत्नी की तरह रह रहे थे लेकिन युवती के परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। अनहोनी की आशंका को देखते हुए रोशन ने पहले ही एक वीडियो जारी कर अपने परिजनों से जान का खतरा बताया था। बाद में थाने पहुंचने पर रोशन ने पुलिस के सामने बालिग होने और अपनी मर्जी से शादी करने का बयान भी दर्ज कराया था।
मृतक के भाई सोनू ने आरोप लगाया कि 15 जनवरी को जब अवधेश घर पर अकेला था तभी युवती के परिजनों ने वहां पहुंचकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे मरणासन्न होने तक बेरहमी से पीटा। घायल अवस्था में अवधेश ने परिजनों को हमलावरों के नाम भी बताए थे। उसे गंभीर हालत में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था जहां कई दिनों तक मौत से जंग लड़ने के बाद बुधवार को उसने दम तोड़ दिया।
कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के बयानों और आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है जिसके तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। युवक की मौत के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: झींझक में मिठाइयों की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 11 नमूने सील



