कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में राजनीतिक दलों को सौंपी गई वोटर लिस्ट की सीडी, डीएम ने की सहयोग की अपील

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू, बूथ लेवल एजेंट करेंगे मतदाता सूची की जांच

Story Highlights
  • कानपुर देहात में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की
  • सभी दलों को मतदाता सूची के ड्राफ्ट की हार्ड कॉपी और सीडी सौंपी गई
  • 6 फरवरी 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार का मौका
  • डीएम ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंटों के जरिए जांच करने को कहा

कानपुर देहात में आगामी चुनावों के लिए निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मंगलवार, 6 जनवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान प्रशासन की ओर से सभी दलों को मतदाता सूची के ड्राफ्ट (आलेख्य) की प्रति और सॉफ्ट कॉपी वाली सीडी उपलब्ध कराई गई।

6 फरवरी तक लिए जाएंगे दावे और आपत्तियां

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आज से जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। 6 जनवरी 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित कर दिया गया है। अब 6 जनवरी से लेकर 6 फरवरी 2026 तक आम जनता और राजनीतिक दल मतदाता सूची को लेकर अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इन आपत्तियों का निस्तारण 27 फरवरी तक किया जाएगा और 6 मार्च 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।

राजनीतिक दलों से बीएलए तैनात करने की अपील

कपिल सिंह ने बैठक में मौजूद सभी पार्टी प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने स्तर से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती करें। उन्होंने कहा कि बीएलए अपने बूथ की मतदाता सूची का बारीकी से निरीक्षण करें ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और किसी भी अपात्र का नाम सूची में न रहे। प्रशासन का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है, जिसमें राजनीतिक दलों का सहयोग अनिवार्य है।

18 वर्ष के युवाओं को जोड़ने पर जोर

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिन युवाओं ने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे अपना नाम जुड़वाने के पात्र हैं। ऐसे युवा मतदान केंद्र पर जाकर फॉर्म-6 भर सकते हैं या चुनाव आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त आवेदनों का निस्तारण समय सीमा के भीतर और निष्पक्षता से किया जाए।

ये प्रतिनिधि रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार के अलावा विभिन्न दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें भाजपा से श्यामू शुक्ला, समाजवादी पार्टी से शेखू खान और बृजमोहन यादव, आम आदमी पार्टी से रोहित यादव, बहुजन समाज पार्टी से आशुतोष गौतम, कांग्रेस से गोविंद यादव और सीपीआई (एम) से राम अवतार भारती व राम शेष ने हिस्सा लिया। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: मैथा तहसील में समाधान दिवस आयोजित, एडीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

Related Articles

AD
Back to top button