कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में संदिग्ध परिस्थितियों में नदी किनारे मिला होटल संचालक का शव,फैली सनसनी

एक सप्ताह से था लापता, मंगलपुर थाने में दर्ज थी गुमशुदगी

Story Highlights
  • कानपुर देहात के बहवलपुर गांव निवासी 26 वर्षीय बृजेंद्र का नदी किनारे मिला शव।
  • मृतक दिबियापुर में होटल चलाता था और 26 दिसंबर से लापता था।
  • होटल पार्टनर के साथ मनमुटाव और मानसिक परेशानी की बात सामने आई।
  • पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई।

कानपुर देहात से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलपुर थाना क्षेत्र के बहवलपुर गांव में नदी किनारे मंगलवार सुबह सात दिन से लापता एक होटल संचालक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।मृतक की पहचान बहवलपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश सिंह के 26 वर्षीय पुत्र बृजेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

आज मंगलवार सुबह कुछ किसान खेतों की ओर जा रहे थे तभी उन्होंने बहबलपुर गांव के पास नदी किनारे शव पड़ा देखा।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और इलाकाई लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शव की शिनाख्त बृजेंद्र कुमार के रूप में की।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों के मुताबिक बृजेंद्र पिछले एक सप्ताह से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था।उसके भाई महेंद्र कुमार ने बीते 28 दिसंबर को बृजेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट मंगलपुर थाने में दर्ज कराई थी।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी और लापता युवक की तलाश में जुट गई थी।परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक बृजेंद्र दिबियापुर में कुछ लोगों के साथ एक होटल चलाता था।आपसी मनमुटाव के बाद वह 25 दिसंबर की रात घर लौटा था और काफी परेशान दिख रहा था।पूछने पर उसने कोई जानकारी नहीं दी।

अगले दिन 26 दिसंबर की सुबह करीब 11 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया था,जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।मंगलवार सुबह नदी किनारे उसका संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला तो इलाके में सनसनी फैल गई।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की छानबीन की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट प्रकाशित, नाम जुड़वाने के लिए मिला एक महीने का समय

Related Articles

AD
Back to top button