कानपुर देहात : ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान का शानदार आगाज
कानपुर देहात में 24 हजार से ज्यादा मरीजों को मिला स्वास्थ्य लाभ; सांसद ने किया शिविर का उद्घाटन

कानपुर देहात। केंद्र सरकार के ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान की शुरुआत बुधवार को कानपुर देहात में धूमधाम से हुई। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य कार्यक्रम अकबरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में आयोजित किया गया।
इस मौके पर अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उनके साथ जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सीधे प्रसारित किया गया, जिसे सुनकर लोग काफी प्रेरित हुए।
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने विशेष स्वास्थ्य शिविर और एक ब्लड डोनेशन कैंप का उद्घाटन किया। ब्लड डोनेशन कैंप में कुल 13 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
जनपद के सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के पहले दिन ही लगभग 24,708 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें से 7,340 लोगों की जांच की गई। इस कड़ी में, 18 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में भी एक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।
ये भी पढ़े- विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर लाभार्थियों को वितरित किये गये टूल किट व चेक



