डीएम कपिल सिंह ने ‘स्कूल चलो अभियान’ एलईडी वाहन को दिखाई हरी झंडी, बेसिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार पर जोर
6 से 14 वर्ष का कोई भी बच्चा शिक्षा से न रहे वंचित, स्मार्ट क्लास और इंटरनेट से लैस हो रहे परिषदीय विद्यालय

अकबरपुर (कानपुर देहात): जनपद में शिक्षा की अलख जगाने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा स्कूल चलो अभियान के तहत विशेष एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अकबरपुर तहसील परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के प्रति जन-जागरण का संदेश दिया गया।
नामांकन से न छूटे कोई भी बच्चा: जिलाधिकारी इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के विद्यालयों और अभिभावकों का आह्वान करते हुए कहा कि 06 से 14 वर्ष की आयु का कोई भी बच्चा नामांकन से छूटने न पाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई बच्चा अभी भी विद्यालय से दूर है, तो सर्वे के माध्यम से उसका चिन्हांकन कर आउट ऑफ स्कूल श्रेणी में नामांकन कराया जाए। ऐसे बच्चों को संघनित पाठ्यक्रम के माध्यम से उनकी आयु के अनुसार शिक्षा प्रदान की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट क्लास और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जहाँ बच्चों को शैक्षिक उन्नयन के साथ-साथ संस्कारित शिक्षा भी दी जा रही है।
इंटरनेट और आधुनिक तकनीक से जुड़ेंगे स्कूल खण्ड शिक्षा अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि विद्यालयों में पूरे वर्ष निर्बाध इंटरनेट की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मार्च माह में ही धनराशि उपलब्ध करा दी गई है, जिसे विद्यालय प्रबंध समितियों को प्रेषित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि यह एलईडी वैन शासन की मंशा के अनुरूप लघु फिल्मों और चित्रों के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करेगी। यह वैन जनपद की सभी तहसीलों और मुख्य बाजारों में भ्रमण कर जमीनी स्तर तक आम जनमानस को जागरूक करने का कार्य करेगी।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, उप जिलाधिकारी सुरभि शर्मा, तहसीलदार पवन कुमार, नायब तहसीलदार रविंद्र सिंह और प्रभारी जिला समन्वयक सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि जनपद में साक्षरता का ग्राफ और तेजी से बढ़ेगा।



