मूसानगर में सज चुका था मंडप, ऐन वक्त पर पहुंची पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन ने रुकवाया बाल विवाह
गेस्ट हाउस में कानपुर नगर के युवक से हो रही थी 15 वर्षीय किशोरी की शादी, परिजनों और गेस्ट हाउस मालिक पर कानूनी शिकंजा

कानपुर देहात के मूसानगर कस्बे में पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने रविवार को एक गेस्ट हाउस में 15 वर्षीय किशोरी का बाल विवाह रुकवाया।थाना प्रभारी अमिता वर्मा ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना मिली थी कि गेस्ट हाउस में एक नाबालिक किशोरी का विवाह हो रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमिता वर्मा और चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर दीपक कुमार अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।वहां कानपुर नगर के शंभुआ निवासी सूरज के साथ एक 15 वर्षीय किशोरी की शादी कराई जा रही थी।पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बाल विवाह को रुकवा दिया।किशोरी को हिरासत में लेकर पूँछतांछ की गई और उसे आगे की देखरेख के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर दीपक कुमार को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शामिल लोगों से पूँछतांछ की जा रही है।परिजनों और गेस्ट हाउस मालिक के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी।उन्होंने आमजन से अपील की है कि नाबालिकों की शादी की जानकारी होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1090 या डॉयल 112 पर तत्काल सूचना दें।क्षेत्रीय लोगों ने भी इस कार्यवाही पर पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम की सराहना की।



