उत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूजलखनऊ

यूपी में मौसम का यू-टर्न: कहीं 100 किमी की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश, तो कहीं लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने जारी की दो दिनों की गंभीर चेतावनी, ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले दो दिनों के भीतर आंधी, तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की गंभीर स्थिति बन रही है। विभाग ने 28 मई से लेकर 30 मई 2026 तक के लिए अलग-अलग जिलों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिन-2 (28 मई सुबह 08:30 से 29 मई सुबह 08:30 बजे तक) के दौरान सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा और आगरा सहित कई जिलों में ओलावृष्टि और 60 से 70 किमी प्रति घंटे की गति से बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज आंधी व तड़ित झंझावात आने की संभावना है। इसी अवधि में कानपुर देहात, कानपुर नगर, इटावा, औरैया, फतेहपुर, गोरखपुर और मऊ सहित कई क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की झोंकेदार हवाओं (जो 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकती हैं) के साथ बादल गरजने की आशंका है। इसके विपरीत, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, हमीरपुर और झांसी जैसे क्षेत्रों में ऊष्ण लहर (लू) का प्रकोप भी बना रहेगा।

वहीं, दिन-3 (29 मई सुबह 08:30 से 30 मई सुबह 08:30 बजे तक) को स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। इस दौरान मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, अमरोहा, मुरादाबाद और बरेली सहित कई जिलों में हवा की गति 80 से 90 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही, लगभग पूरे प्रदेश में ओलावृष्टि, मेघगर्जन और वज्रपात की अत्यधिक संभावना जताई गई है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और संभल के आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में आ रहे इस बड़े बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने आमजन से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह ने किया ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा और सफाई पर दिया विशेष जोर


Related Articles

AD
Back to top button