उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल; परिवार में मचा कोहराम

रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

रसूलाबाद (कानपुर देहात)। रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल को इलाज के लिए हैलट कानपुर रेफर किया है। युवक की असामयिक मौत से उसके परिवार में मातम पसर गया है।
रात 10 बजे हुआ हादसा
मृतक की पहचान कानपुर नगर के मस्वानपुर रावतपुर गांव निवासी दीपू शर्मा (22) पुत्र शिवकुमार शर्मा के रूप में हुई है। दीपू के भाई संदीप शर्मा ने बताया कि दीपू अपने साथी विकास (35) के साथ रविवार शाम करीब 6 बजे रसूलाबाद जाने की बात कहकर घर से निकला था। दीपू कानपुर में एक गेस्ट हाउस में प्राइवेट नौकरी करता था। रात लगभग 9:30 बजे वे दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। रसूलाबाद-कानपुर रोड पर पहाड़ीपुर के निकट रात करीब 10 बजे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुबह 4 बजे मिली सूचना
हादसे की जानकारी सुबह करीब 4 बजे किसी वाहन सवार ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी असालतगंज से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को तुरंत सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सौरभ शाक्य ने दीपू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विकास को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हैलट कानपुर रेफर कर दिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दीपू की असामयिक मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की मां मीरा शर्मा, पिता शिव कुमार शर्मा, भाई संदीप, भाभी नीलम शर्मा और विवाहित बहन संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक दीपू शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मृतक के परिजनों से तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।

anas quraishi
Author: anas quraishi

Sabse pahle

Related Articles

AD
Back to top button