गौरव हत्याकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार,हत्या में प्रयुक्त तमंचा कारतूस,मोटरसाइकिल बरामद

कानपुर देहात। कानपुर देहात पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, गजनेर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहे दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है ।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम गगन सिंह है, जिसकी उम्र 24 वर्ष है और वह गजनेर थाना क्षेत्र के ररुआ कानपुर देहात का निवासी है।दूसरे आरोपी की पहचान राहुल संखवार के रूप में हुई है।वह रूरा थाना क्षेत्र के गैजूमऊ का निवासी है।गिरफ्तारी आज दोपहर करीब 2 बजकर 57 मिनट पर पतारा मोड़ से की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल भी बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपी गगन सिंह ने बताया कि उसने अपने साथी राहुल के साथ मिलकर, दिपावली के त्योहार (20 अक्टूबर 2025) पर पुरानी दुश्मनी के चलते अपने एक साथी गौरव पर गोली चलाई थी, जिससे वह घायल हो गया था।
प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि हत्यारोपियों को जेल भेजा जा रहा है।



