कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

रनियां में अवैध कटान पर एक्शन: बंद फैक्ट्री में कट रहे थे प्रतिबंधित पेड़, अफसरों ने पकड़ा

उप प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने टीम के साथ की कार्यवाही।

रनियां (कानपुर देहात): थाना क्षेत्र के विसायकपुर स्थित एक बंद पड़ी फैक्ट्री परिसर में बिना अनुमति प्रतिबंधित पेड़ों को काटने का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को मौके पर छापेमारी कर अवैध कटान की पुष्टि की और फैक्ट्री मालिक के विरुद्ध उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत कठोर कार्यवाही करते हुए जुर्माना लगाया है।

बाउंड्री वॉल निर्माण की आड़ में कट रहे थे पेड़

विसायकपुर में हाईवे किनारे स्थित एक पेपर मिल पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी है। हाल ही में फैक्ट्री मालिक लक्ष्मीकांत अग्रवाल ने परिसर की खाली जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य शुरू कराया था। आरोप है कि इस निर्माण की आड़ में परिसर में खड़े कई दशक पुराने प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ों को बिना किसी विभागीय अनुमति के काटा जा रहा था।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पकड़ी चोरी

अवैध कटान की गोपनीय सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया। उप प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में वन रेंजर सर्वेश सिंह, डिप्टी रेंजर अमित कटियार और टीम ने फैक्ट्री परिसर में औचक छापेमारी की। टीम को मौके पर चार प्रतिबंधित पेड़ कटे हुए मिले, जिनके संबंध में फैक्ट्री प्रबंधन कोई भी वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।

वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत हुई कार्यवाही

उप प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने बताया कि बिना अनुमति प्रतिबंधित पेड़ों का कटान गंभीर अपराध है। मामले में दोषी लक्ष्मीकांत अग्रवाल के विरुद्ध उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम की धारा 4/10 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की गई है और मौके पर मिले कटान के आधार पर जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनपद में कहीं भी अवैध वृक्ष कटान पाए जाने पर सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात में मिशन शक्ति की धूम, एसपी के निर्देशन में बालिकाओं को मिले सुरक्षा टिप्स

Related Articles

AD
Back to top button