राजाबाबू हत्याकांड: शिवली पुलिस ने घेराबंदी कर चौथे फरार आरोपी ललित को भी दबोचा
प्रेम प्रसंग में हुई हत्या का पूर्ण खुलासा, मंगेतर और उसके प्रेमी समेत तीन पहले ही जा चुके हैं जेल

शिवली/कानपुर देहात: थाना शिवली क्षेत्र के मकरंदपुर बंथा मार्ग पर हुए राजाबाबू हत्याकांड में पुलिस ने अपनी कार्रवाई को अंजाम देते हुए शेष बचे एक और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। विदित हो कि इस मामले में पुलिस ने बीते दिन ही मृतक की मंगेतर कोमल, उसके प्रेमी सागर और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उनका एक साथी ललित नागर फरार चल रहा था। सोमवार को शिवली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे भी दबोच लिया।
मैथा नहर पुल के पास से हुई गिरफ्तारी
प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में मामूर थी। इसी दौरान सटीक सूचना मिली कि हत्या में शामिल वांछित अभियुक्त ललित नागर पुत्र रजोल नागर, निवासी टिकरा (बिठूर), मैथा नहर पुल के पास कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त की जामा तलाशी में पुलिस को कुछ नकद राशि भी बरामद हुई है।
साजिश का हिस्सा था ललित
पुलिस विवेचना के अनुसार, 2 अप्रैल को राजाबाबू की हत्या के समय ललित नागर मुख्य अभियुक्त सागर राजपूत और बाल अपचारी के साथ मौके पर मौजूद था। इन तीनों ने मिलकर राजाबाबू पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस हत्या की पूरी साजिश राजाबाबू की होने वाली पत्नी कोमल ने अपने प्रेमी सागर के साथ मिलकर रची थी, ताकि उनकी शादी के रास्ते का कांटा साफ हो सके। ललित की गिरफ्तारी के साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड के सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में इलाज कराकर घर लौट रही बालिका की सड़क हादसे में मौत



