कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

नाबालिग से छेड़छाड़ और सुसाइड के मामले में मूसानगर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, वांछित आरोपी गिरफ्तार

3 अगस्त को दर्ज हुआ था बीएनएस और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा; बम्हरौली रोड से पुलिस ने दबोचा।

मूसानगर। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मूसानगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक नाबालिग युवती का पीछा करने, उस पर लैंगिक हमला करने और इन सबसे आहत होकर पीड़िता द्वारा आत्महत्या कर लेने के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे एक 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला: मूसानगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वादिनी की लिखित तहरीर के आधार पर 3 अगस्त 2026 को मूसानगर थाने में मुकदमा (मु.अ.सं. 0075/2026) दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 108/78(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) और धारा 9L/10 पॉक्सो (POCSO) अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
गिरफ्तारी का विवरण: पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर 3 नवंबर 2026 (मंगलवार) को ग्राम बम्हरौली जाने वाली बम्बी (नहर) से लगी रोड पर लगभग 300 मीटर आगे घेराबंदी कर आरोपी रोहित कुमार (पुत्र रघुनाथ सिंह, निवासी ग्राम बम्हरौली घार, थाना मूसानगर) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी रोहित को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: आरोपी को दबोचने वाली पुलिस टीम का नेतृत्व मूसानगर थानाध्यक्ष अमिता वर्मा ने किया। इस टीम में कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल शिवम राठौर और महिला कांस्टेबल दीप्ति कुमारी भी सक्रिय रूप से शामिल रहीं।

Related Articles

AD
Back to top button