कानपुर देहात! श्यामपुर गांव के पास मौत का तांडव: कार हादसे में पहाड़पुर के युवक की थमी सांसें, ममेरे भाई की हालत गंभीर
इकलौते बेटे की मौत से बुझा घर का चिराग

रनियां। रायपुर गजनेर रोड पर श्यामपुर गांव के समीप बीती रात एक तेज रफ्तार कार पोल से टकराते हुए खड्डे में पलट गई। घटना में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अभिषेक सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल का उपचार चल रहा है।
रनिया थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी अभिषेक सिंह उम्र लगभग 22 वर्ष पुत्र रामू सिंह व हमीरपुर निवासी अपने मामा के लड़के धीरेंद्र सिंह के साथ जा रहे थे। जैसे ही वह श्यामपुर गांव के समीप पहुंचे तभी तेज रफ्तार कार पोल से टकराते हुए खड्डे में पलट गई। घटना में कार सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर सूचना पर पहुंचे एसओ रनिया दिनेश कुमार गौतम ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, तो घर में कोहराम मच गया। इस संबंध में रनिया थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि घटना में अभिषेक सिंह की मौत हो गई है। दूसरे घायल का उपचार चल रहा है। घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पिता के बुढ़ापे का सहारा छीना, इकलौता बेटा था अभिषेक
रनिया। रनिया थाना क्षेत्र की पहाड़पुर निवासी अभिषेक सिंह की मौत के बाद पिता रामू सिंह फूट-फूटकर रो-रो कर कह रहे थे कि बुढ़ापा का सहारा चला गया, अब कौन मेरे बुढ़ापे में सहारा बनेगा। अभिषेक बहन प्रिया के बीच में इकलौता भाई था। पुत्र की मौत की जानकारी पर पिता रामू सिंह, बहन प्रिया का रो-रोकर बुरा हाल था।



