बांदाउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

अमन यात्रा लाइव: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, डीसीएम और स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत में चार की मौत

हादसे में एक पुरुष और तीन महिलाओं ने गंवाई जान, नींद की झपकी बनी भीषण दुर्घटना का कारण

बांदा। जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और डीसीएम के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

नींद की झपकी ने उजाड़ दी खुशियां

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज स्कॉर्पियो सवार पांच लोग (एक पुरुष और चार महिलाएं) एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि स्कॉर्पियो चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण अनियंत्रित होकर गाड़ी आगे चल रही डीसीएम से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।

राहत बचाव और पुलिस की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौके पर ही दुखद मृत्यु हो चुकी थी। दो घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वर्तमान में एक घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी

इस भीषण सड़क दुर्घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने बताया कि पुलिस बल मौके पर मौजूद है और यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराया जा रहा है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने एक बार फिर वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान थकान या नींद महसूस होने पर वाहन रोककर विश्राम अवश्य करें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।

Related Articles

AD
Back to top button