कानपुर देहात: पुलिस लाइन्स में ‘वामा वेलनेस कैंप’ का आयोजन: पुलिस परिवारों को मिला मुफ्त होम्योपैथिक परामर्श और दवाएं
अध्यक्षा वामा सारथी अर्चना सिरोही के नेतृत्व और एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में आयुष विभाग के सहयोग से लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर

कानपुर देहात की रिजर्व पुलिस लाइन्स के सभागार कक्ष में रविवार को पुलिस परिवार के सदस्यों के लिए एक विशेष ‘वामा वेलनेस कैंप’ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के कुशल पर्यवेक्षण और वामा सारथी की अध्यक्षा अर्चना सिरोही के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। आयुष विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
चिकित्सा कैंप में आए आयुष विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पुलिस परिवार के सदस्यों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय सिठमरा से आईं डॉ. शीलू शुक्ला और जिला चिकित्सालय/मेडिकल कॉलेज अकबरपुर के डॉ. विनोद कुमार, डॉ. साकिब, डॉ. अभिषेक व डॉ. रजत ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टरों ने लोगों को मौसमी व सामान्य बीमारियों से बचाव, तत्काल उपचार, स्वच्छता, सही पोषण और जलजनित रोगों से सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण उपाय बताए। परामर्श के साथ-साथ सभी जरूरतमंदों को निशुल्क होम्योपैथिक दवाओं का भी वितरण किया गया।
इस कल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर में रिजर्व पुलिस लाइन्स के प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। कैंप में न केवल सेवारत पुलिसकर्मियों, बल्कि सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवारों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वामा सारथी संगठन की ओर से बताया गया कि पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण उनके परिवार के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए ऐसे प्रयास बेहद जरूरी हैं। भविष्य में भी पुलिस परिवार के कल्याण के लिए इस तरह के मुफ्त चिकित्सा शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: मंगलपुर में प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,घर में चारपाई पर मिला शव



