कानपुर देहात में मानसिक बीमार किशोरी ने की आत्महत्या,टीनशैड के पाइप में लगाई फांसी
कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के हैदरापुर गांव में एक मानसिक रूप से बीमार किशोरी ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

पुखरायां।कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के हैदरापुर गांव में एक मानसिक रूप से बीमार किशोरी ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।मृतका की पहचान अखिलेश की 13 वर्षीय पुत्री दिव्या के रूप में हुई है।परिजनों के मुताबिक दिव्या मानसिक रूप से बीमार थी।रविवार दोपहर उसने अपने घर में स्थित तीन शेड के पाइप में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राहुल कुमार,एस आई श्याम सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की।जिसके बाद एस आई श्याम सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।घटना से मां रामकुमारी समेत परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में मामला आत्महत्या का सामने आया है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



