
जलभराव और सड़कों की खस्ताहाल स्थिति ने हम सभी का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। रोज सुबह जब मैं अपना बस्ता पीठ पर लादकर स्कूल के लिए निकलती हूँ तो मेरे मन में एक अजीब सा डर होता है। डर इस बात का नहीं कि आज कौन सा विषय पढ़ाया जाएगा या गृहकार्य पूरा है या नहीं बल्कि डर इस बात का होता है कि आज स्कूल पहुँचते-पहुँचते मेरे जूते-मोजे कितने गंदे होंगे या मैं किसी गड्ढे में गिरकर अपनी साइकिल से चोटिल तो नहीं हो जाऊंगी।
यह सिर्फ मेरी कहानी नहीं है बल्कि मेरे जैसे हजारों स्कूली बच्चों की रोजमर्रा की हकीकत है। वार्ड 82 जरौली फेज 2 कटियार मेडिकल स्टोर नियर आनंद साउथ सिटी से बर्रा 8 तक के मुख्य मार्ग और गलियों का हाल ऐसा है कि पूछिए मत। जगह-जगह नाले घास, कचरे और पॉलीथिन से पटे पड़े हैं। थोड़ी सी बारिश होते ही इन नालों का काला और बदबूदार पानी सड़कों पर बहने लगता है। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। नाले के जाम होने के कारण पानी की निकासी बंद है। नगर निगम वालों ने फॉर्मेलिटी के तौर पर जहां तहां नाला साफ कर दिया बाकी कई जगह नाला जाम है।
परिणामस्वरूप सड़कों पर घुटने-घुटने तक पानी भर जाता है। जलभराव और गंदगी के बीच से स्कूल जाना किसी खतरे से खाली नहीं है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों और साइकिल से जाने वाले छात्र-छात्राओं को होती है। गंदे पानी में छिपे गड्ढों के कारण कई बार बच्चे गिरकर अपनी यूनिफॉर्म फाड़ लेते हैं और किताबें-कॉपी भी भीग जाती हैं। इसके अलावा यह रुका हुआ पानी मच्छरों का घर बन गया है। डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा हमेशा सिर पर मंडराता रहता है। गंदे पानी के छींटे पड़ने से त्वचा संबंधी संक्रमण का डर भी बना रहता है।
कई बार बच्चे स्कूल जाने के बजाय इन परेशानियों से बचने के लिए घर पर ही बैठना बेहतर समझते हैं जिससे उनकी पढ़ाई का बहुत नुकसान होता है। मैं प्रशासन और अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से एक छात्रा के रूप में विनम्र अपील करती हूँ कि युद्ध स्तर पर सभी अवरुद्ध नालों की सफाई करवाई जाए। सड़कों के गड्ढों को भरकर उन्हें पक्का और सुरक्षित बनाया जाए।जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएं। जब हम सभी सुरक्षित और स्वस्थ रहेंगे तभी तो एक बेहतर भारत का निर्माण कर पाएंगे। कृपया हमारी इस समस्या को जल्द से जल्द दूर करें।
आज्ञा कटियार, कक्षा 5
यूपी किराना सेवा समिति बालिका विद्यालय तात्याटोपे नगर कानपुर
मो 7268868788



