इंस्पायर अवार्ड पोर्टल पर कई जिलों ने नहीं खोले खाते, बीएसए बोले लापरवाही करने वाले प्रधानाध्यापकों पर होगी सख्त कार्यवाही
कम नामांकन वाले जिलों को सख्त चेतावनी, 15 सितंबर तक हर विद्यालय से 5 सर्वश्रेष्ठ छात्रों के पंजीकरण का लक्ष्य
राजेश कटियार, लखनऊ/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में इंस्पायर अवार्ड मानक योजना वर्ष 2026-27 के तहत छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन नामांकन में कई जिलों द्वारा बरती जा रही ढिलाई को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने कड़ा रुख अपनाया है। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) प्रताप सिंह बघेल की ओर से जारी एक आधिकारिक पत्र में कम नामांकन वाले जिलों को कड़ी चेतावनी दी गई है और स्थिति की समीक्षा के लिए 20 अगस्त 2026 को एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक बुलाई गई है। योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है जो 15 सितंबर 2026 तक चलेगी। शिक्षा विभाग ने सभी माध्यमिक विद्यालयों को अपने-अपन संस्थान से 5 सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं का नामांकन वेब पोर्टल (www.inspireawards-dst.gov.in) पर कराने के निर्देश दिए थे।शिक्षा निदेशक द्वारा जारी पत्र के अनुसार राज्य के कई जिलों ने इस योजना में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया है।
बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, सम्भल, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, बुलन्दशहर, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, आगरा, मैनपुरी, बरेली, बदायूँ, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, उन्नाव, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, महोबा, प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, बलरामपुर, गोण्डा, बस्ती, गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, चन्दौली और भदोही को छोड़कर अन्य किसी भी जनपद ने अभी तक ऑनलाइन नामांकन का काम शुरू ही नहीं किया है। वहीं जिन जिलों ने काम शुरू किया है, उनमें से भी बस्ती, महाराजगंज, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, चन्दौली, भदोही, एटा, कासगंज, सम्भल, हापुड़, महोबा और बलरामपुर में ऑनलाइन नामांकन की संख्या बेहद कम है।
विभाग ने इस स्थिति को पूरी तरह असंतोषजनक और अप्रशंसनीय माना है।पत्र में यह भी सामने आया है कि 14 जुलाई 2026 के निर्देशों में स्पष्ट कहा गया था कि प्रत्येक विद्यालय से केवल 5 सर्वश्रेष्ठ नामांकन ही भेजे जाएं। इसके बावजूद, कुछ जिलों द्वारा 5 से कम नामांकन करने वाले विद्यालयों के आवेदनों को भी ऑनलाइन आगे बढ़ाया जा रहा है जो नियमों के खिलाफ है। इस सुस्त प्रक्रिया और लापरवाही को देखते हुए 20 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे से 6 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
इसमें सभी जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जनपद की अपडेटेड सूचनाओं के साथ अनिवार्य रूप से भाग लेने के लिए कहा गया है। शिक्षा निदेशक ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिन विद्यालयों में अभी तक नामांकन शुरू नहीं हुआ है, वहां तत्काल नामांकन सुनिश्चित कराया जाए ताकि समय सीमा के भीतर लक्ष्य को पूरा किया जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और संकुल प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों की दैनिक समीक्षा करें।
जिन विद्यालयों ने अभी तक पोर्टल पर खाता नहीं खोला है या नामांकन शुरू नहीं किया है वे तत्काल प्रभाव से 5 सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं का चयन कर प्रक्रिया पूरी करें। नियमों की अनदेखी करने वाले और तय समय सीमा 15 सितंबर तक लक्ष्य पूरा न करने वाले प्रधानाध्यापकों तथा लापरवाह कर्मियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक व विभागीय कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढे- कानपुर देहात: समाधि पर झंडारोहण के दौरान मारपीट, तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज



