कानपुर देहात: लर्निंग गैप भरने और पठन संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्राथमिक विद्यालय रामपुर में जुटे शिक्षक
मैथा ब्लॉक में शिक्षक संकुल बैठक आयोजित, कैचप मॉड्यूल और निपुण ऐप से होगी बच्चों की पढ़ाई की निगरानी

राजेश कटियार, कानपुर देहात। मैथा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय रामपुर मजरा में आयोजित मासिक शिक्षक संकुल बैठक में बाल वाटिका से कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए निर्धारित निपुण लक्ष्यों को हासिल करने और पठन संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की गई।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके उपरांत संकुल शिक्षक राजू सिंह ने बैठक के प्रमुख एजेंडे को उपस्थित शिक्षकों के सामने रखा जिस पर सभी सदस्यों ने खुलकर अपने विचार साझा किए।
बैठक के दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इसमें कैचप मॉड्यूल की सहायता से बच्चों के लर्निंग गैप को जल्द से जल्द भरने और दस-पॉइंट टूलकिट के प्रभावी संचालन पर बल दिया गया। इसके अलावा निपुण ऐप के माध्यम से नियमित स्टूडेंट एसेसमेंट करने तथा कक्षा शिक्षण के दौरान शिक्षक संदर्शिका और प्रिंट रिच सामग्री का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
विद्यालयों में बच्चों के भीतर पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए पठन संस्कृति को बढ़ावा देने और इको क्लब फॉर मिशन लाइफ की गतिविधियों को सक्रियता से चलाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शामिल कर बेहतर तैयारी कराने का निर्णय लिया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापक एल बी सिंह, नोडल शिक्षक संकुल महेंद्र प्रताप सिंह, शशिकांत, खालिद मुस्तफा, दिलीप अवस्थी, ओम प्रकाश, अजय सिंह, देवेंद्र चौबे, वंदना सिंह, अल्का कटियार, जयश्री अवस्थी, सीमा यादव, पूजा शर्मा, दीप्ति त्रिपाठी, रचना यादव, आभा शुक्ला, सारिका, नीलम और दीपक बाजपेई समेत संकुल के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में प्राथमिक विद्यालय रामपुर गजरा की प्रधानाध्यापिका निशा कटियार ने बैठक में पधारे सभी शिक्षकों एवं अतिथियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।



