कानपुर देहात: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा
कानपुर देहात। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पुरानी पेंशन बहाली मंच अटेवा के आह्वान पर शुक्रवार को जनपद कानपुर देहात में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोपहर करीब 2 बजे बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी अकबरपुर इंटर कॉलेज मैदान में एकत्रित हुए। यहां से तिरंगा यात्रा मोटरसाइकिल रैली एवं जुलूस के रूप में लोकतंत्र सेनानी चौराहा, नमस्ते चौराहा होते हुए माती स्थित जनपद मुख्यालय पहुंची।
यात्रा के दौरान शिक्षक एवं कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग से संबंधित तख्तियां लहराईं तथा पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण समाप्त करने के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
जिला संयोजक प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2005 के बाद नियुक्त लगभग 15 लाख शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी नई पेंशन व्यवस्था के अंतर्गत आते हैं। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार आधारित यह पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों के भविष्य के लिए सुरक्षित एवं सुनिश्चित नहीं है। इससे शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी अपने बुढ़ापे की आर्थिक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करना चाहिए।
जिला महामंत्री अनंत त्रिवेदी ने कहा कि शिक्षक एवं कर्मचारी प्रदेश की उन्नति में अपना शत-प्रतिशत योगदान दे रहे हैं। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में सरकार को कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करने के साथ ही टीईटी अनिवार्यता से राहत प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन केवल कर्मचारियों का मुद्दा नहीं, बल्कि उनके सम्मानजनक एवं सुरक्षित भविष्य का प्रश्न है। अटेवा पुरानी पेंशन बहाली तक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा।
तिरंगा यात्रा में प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी कुलदीप सैनी, प्रदेश सह प्रभारी महिला प्रकोष्ठ ज्योति शिखा मिश्रा, मंडल अध्यक्ष डॉ. पंकज संखवार, कोषाध्यक्ष अखिलेश पाल, अनुपम प्रजापति, मृदुला तिवारी, ममता साहू, बिहारी लाल आनंद, राजेश श्रीवास्तव, विवेक तिवारी,अनंत त्रिवेदी, अनिरुद्ध सिंह, सैयद फरहान, के.एस. भारती, त्रिलोक चंद्र, रामेंद्र सिंह, मनोज कुलश्रेष्ठ, अखिलेश कठेरिया, महेंद्र यादव, देवेंद्र सिंह, राम विकास कटियार, लोकेंद्र सचान, संजीव कटियार, महाराज सिंह, गौरव मिश्रा, अर्पित सचान, जयश्री अवस्थी, आलोक दीक्षित, आशुतोष त्रिपाठी, अमित सचान, शोएब मंसूरी, विजय बहादुर, विजय तिवारी, एल.बी. सिंह, राहुल सुमन, धीरेन्द्र कुशवाहा, अमर सिंह, अजब सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अटेवा पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से सरकार तक शिक्षक-कर्मचारियों की एकजुट आवाज पहुंचाई गई है और पुरानी पेंशन बहाली का संघर्ष पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।



