कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में पुलिस अधिकारियों ने किया रात्रिकालीन गश्त और चेकिंग अभियान का निरीक्षण

एसपी और एएसपी सहित समस्त क्षेत्राधिकारीगण ने सड़कों पर उतरकर परखी सुरक्षा व्यवस्था

Kanpur Dehat, अमन यात्रा लाइव: जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंगलवार की रात्रि विशेष सघन चेकिंग एवं गश्त अभियान का संचालन किया गया। रात्रि 9:00 बजे से प्रातः 02:00 बजे तक चले इस व्यापक अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का कड़ाई से जायजा लिया। इस दौरान जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख मार्गों, चौराहों और बॉर्डर प्वाइंटों पर मुस्तैद रहकर पुलिसिंग व्यवस्था का पर्यवेक्षण किया।
अभियान के तहत जनपद के प्रत्येक थाने से कई विशेष पुलिस टीमों को मैदान में उतारा गया, जिनका नेतृत्व स्वयं थाना प्रभारियों ने किया। बॉर्डर क्षेत्रों में जिग-जैग बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और आने-जाने वाले व्यक्तियों की सघन तलाशी ली गई। क्षेत्राधिकारीगण ने अपने सर्किलों में विभिन्न चेकिंग पाइंटों का औचक निरीक्षण किया तथा मौके पर पहुंचकर पीआरवी वाहनों, पिकेट ड्यूटी और गश्त पार्टियों की कार्यप्रणाली की सतर्कता परखी। निर्धारित मिलान स्थलों पर पुलिसकर्मियों को एकत्र कर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आवश्यक ब्रीफिंग दी गई ताकि रात के समय किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत अंकुश लगाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थानों पर निरंतर निगरानी रखी जाए और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएं। सार्वजनिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की सुसंगत विधिक प्रक्रियाओं के तहत निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

 

Related Articles

AD
Back to top button