कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
सपा में शामिल होने के बाद जुनैद खाँ पहलवान का जोरदार शक्ति प्रदर्शन: 400 गाड़ियों के काफिले के साथ कानपुर देहात में हुआ भव्य स्वागत
सपा जिलाध्यक्ष बब्लू राजा सहित जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने की पुष्पवर्षा; ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारों से गूंजा पुखरायां और अमरौधा क्षेत्र
पुखरायां / अमरौधा (कानपुर देहात): भोगनीपुर विधानसभा से चुनाव लड़ चुके क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी जुनैद खाँ पहलवान के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। सपा की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत पहली बार अपने गृह कस्बा अमरौधा और कानपुर देहात की धरती पर पहुंचे जुनैद खाँ पहलवान का करीब 400 चौपहिया वाहनों के विशाल काफिले के साथ जोरदार शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला।
जनपद की सीमा रायपुर पहुंचते ही पहले से मुस्तैद सपा कार्यकर्ताओं ने जुनैद खाँ पहलवान को फूल-मालाओं से लाद दिया। इसके बाद बारा टोल प्लाजा और माती स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। काफिला आगे बढ़ते हुए ग्राम मुरीदपुर, लालपुर, मांवर, मोहम्मदपुर और छतेनी होते हुए पुखरायां पहुंचा।
पुखरायां के पटेल चौक, रेलवे स्टेशन तिराहा और मंडी मोड़ से होते हुए काफिला मुख्य मार्ग पर स्थित सपा जिलाध्यक्ष अरुण यादव उर्फ बब्लू राजा के आवास पर पहुंचा। यहां जिलाध्यक्ष अरुण यादव बब्लू राजा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने जुनैद पहलवान का भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत अहरौली मोड़ और सिखमापुर मोड़ पर भी कार्यकर्ताओं ने “पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जिंदाबाद” और “जुनैद खाँ पहलवान जिंदाबाद” के गगनभेदी नारे लगाते हुए फूल-मालाओं से उनका नागरिक अभिनंदन किया।
हजारों की संख्या में उमड़े समर्थकों और गाड़ियों के लंबे हुजूम के साथ काफिला पुखरायां के प्रमुख मार्गों से होते हुए जुनैद खाँ पहलवान के गृह निवास कस्बा अमरौधा के लिए रवाना हुआ।
इस विशाल स्वागत जुलूस व काफिले में सपा के प्रदेश सचिव शेखू खाँ, लोहिया वाहिनी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इकबाल खाँ, वरिष्ठ सपा नेता कुलदीप संखवार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य यासीन खाँ, असलम खाँ, नसीम बादशाह, इश्तियाक खाँ, शीबू सादरी, रसूल अहमद बाबा, हाजी रियाजुल, शरीफ खाँ ठाकुर, नवासिद खाँ, हसन खाँ, नसीम वीआईपी, शरीफ खाँ ततारपुर और नफीस कालपी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और क्षेत्रीय समर्थक मौजूद रहे।



