अमरौधा की बेटी डॉ. ऐमन खातून ने रचा इतिहास: एमबीबीएस पीजी में हासिल की 905वीं ऑल इंडिया रैंक, कस्बे में जश्न का माहौल
डॉ. इमरान की सुपुत्री डॉ. ऐमन खातून ने वर्ष 2024 में एमबीबीएस की डिग्री पूरी की थी।

अमरौधा (कानपुर देहात): तहसील भोगनीपुर क्षेत्र के अमरौधा कस्बे की होनहार बेटी डॉ. ऐमन खातून ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी कामयाबी हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित एमबीबीएस पोस्ट ग्रेजुएट (NEET PG) परीक्षा के घोषित परिणाम में उन्होंने ऑल इंडिया स्तर पर 905वीं रैंक प्राप्त की है। परिणाम जारी होते ही परिवार सहित पूरे कस्बे में खुशी की लहर दौड़ गई।
डॉ. इमरान की सुपुत्री डॉ. ऐमन खातून ने वर्ष 2024 में एमबीबीएस की डिग्री पूरी की थी। इसके बाद उच्च स्तरीय मेडिकल विशेषज्ञता (पीजी) की तैयारी के लिए वह दिल्ली चली गईं, जहां उन्होंने ‘विद्या जीवन’ कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कठिन परिश्रम और अटूट लगन के बल पर उन्होंने देशभर के लाखों अभ्यर्थियों के बीच 905वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
सफलता की खबर मिलते ही परिजनों में खुशी का ठिकाना न रहा और बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।
डॉ. ऐमन की इस शानदार उपलब्धि पर दिल्ली स्थित विद्या जीवन संस्थान की डायरेक्टर डॉ. जैनब रोरा ने फोन पर बधाई दी और विशेष अभिनंदन एवं स्वागत के लिए उन्हें दिल्ली आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. ऐमन की यह सफलता कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास का परिणाम है, जो क्षेत्र के अन्य युवाओं और खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।



