कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में टायर फैक्ट्री के तेल टैंक में लगी भीषण आग,दो की मौत

कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

रनियां, कानपुर देहात। औद्योगिक क्षेत्र रनिया के जरिहा रोड पर स्थित एक टायर आयल फैक्ट्री में सोमवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग कुछ ही देर में विकराल हो गई और लपटें आसमान छूने लगीं। भीषण अग्निकांड में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव निकाल कर पीएम के लिए भिजवाए हैं। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटना की सूचना पर एसपी, एएसपी, सीएफओ, एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, रनिया एसओ, गजनेर एसओ घटनास्थल पर पहुंचे।

गजनेर थाना क्षेत्र के जरिहा रोड पर कानपुर नगर निवासी रमेश चंद्र गुप्ता की एक फैक्ट्री संचालित है। इसमें टायर को जलाकर उससे तेल निकाला जाता है। सोमवार को फैक्ट्री में बने भंडारण टैंक से टैंकरों में तेल लोड किया जा रहा था, कि तभी अचानक एक टैंक में आग लग गई। घटना के समय दो लोग टैंक के ऊपर चढ़कर कुछ काम कर रहे थे और अचानक आग लगने से वो ऊपर ही फंस गए और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गए और जलते हुए तीस फुट ऊंचाई से नीचे जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी और टैंकरों के ड्राइवर मौके से भाग निकले।

आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। फैक्ट्री में अग्निकांड की सूचना पर एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एएसपी आलोक प्रसाद, एसडीएम सदर राजकुमार पाण्डे, तहसीलदार पवन कुमार, सीएफओ प्रतीक श्रीवास्तव, सीओ सदर संजय सिंह, सीएफओ कानपुर नगर दीपक शर्मा, रनिया एसओ सौरभ सिंह, एसओ गजनेर सहित रनियां व गजनेर पुलिस मौके पर पहुंची।

भीषण अग्निकांड की सूचना पर जिले की चार तथा कानपुर नगर की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर पानी डालना शुरू किया, लेकिन तेल की आग के चलते वो काबू नहीं हो रही थी, इसके बाद एक फोम की गाड़ी मौके पर पहुंची और उसे आग पर डाला गया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। शाम साढे़े पांच बजे लगी आग करीब दो घंटे बाद साढे़े सात बजे बुझी। जबकि स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मुद्रा में दिखाई दिया और एक एक कर पांच एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इस संबंध में एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड में अभी तक दो लोगों के शव मिले हैं, उन्हें पीएम के लिए भिजवाया गया है। अभी मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। फैक्ट्री मालिक से संपर्क के बाद आगे की जानकारी मिल सकेगी।

 

 

 

Related Articles

AD
Back to top button