कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात के लाल धर्मपाल सिंह को राष्ट्रपति वीरता पदक, आग की लपटों से बचाई थीं अनगिनत जिंदगियां

भोगनीपुर के मुतहरापुर निवासी अग्निशमन अधिकारी के अदम्य साहस को केंद्र का नमन, लेखपाल से जांबाज अफसर बनने तक का सफर

कानपुर देहात: भारत सरकार ने कानपुर देहात जिले के थाना भोगनीपुर अंतर्गत ग्राम मुतहरापुर निवासी और वर्तमान में लखनऊ में तैनात अग्निशमन द्वितीय अधिकारी धर्मपाल सिंह को उनके असाधारण साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित करने की घोषणा की है। यह सम्मान उन जांबाज अभियानों की पहचान है, जिनमें धर्मपाल सिंह ने आगजनी और अन्य भीषण आपात परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना अनेक नागरिकों और जीव-जंतुओं की जान बचाई।

विपरीत एवं जोखिम भरे हालात में धैर्य, तत्परता और समर्पण के साथ राहत व बचाव कार्यों को अंजाम देने के लिए उनकी भूमिका को पूरे विभाग में सराहा गया है। एक साधारण ग्रामीण परिवार से आने वाले धर्मपाल सिंह के पिता दीनानाथ ने बताया कि बचपन से ही उनके भीतर संकट की घड़ी में दूसरों की मदद करने का गहरा जज्बा था। यही निडरता और सेवाभाव आगे चलकर उनकी विशिष्ट पहचान बना।

अग्निशमन विभाग में आने से पहले धर्मपाल सिंह ने लेखपाल के पद पर भी अपनी सेवाएं दी थीं, जहां उन्होंने पूरी निष्ठा से जनहित के कार्य किए। राष्ट्रपति वीरता पदक मिलने की घोषणा होते ही उनके गृह जनपद कानपुर देहात और मुतहरापुर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों ने इसे पूरे जिले के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण बताया है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं को कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित होने का सशक्त संदेश देती है।


ये भी पढे-  कानपुर देहात के सचिन सिंह बने सहायक कमांडेंट, बर्तन विक्रेता के बेटे ने CAPF परीक्षा में फहराया परचम


Related Articles

AD
Back to top button