कानपुर देहात: राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की नव नियुक्त ब्लॉक कार्यकारिणी ने बीईओ से की भेंट
संगठन के आगामी कार्यक्रमों और मेरा विद्यालय मेरा तीर्थ पर हुई चर्चा

कानपुर देहात। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की अकबरपुर ब्लॉक कार्यकारिणी ने ब्लॉक अध्यक्ष ध्रुव नारायण पाण्डेय के नेतृत्व में खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज पटेल से शिष्टाचार भेंट कर शैक्षिक उत्थान, शिक्षक हित एवं विद्यालयों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की।
भेंट के दौरान महासंघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला ने संगठन के “मेरा विद्यालय–मेरा तीर्थ” अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकर्ता अपने विद्यालय को स्वच्छ, सुंदर, अनुशासित एवं प्रेरणादायी बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं । जिला संगठन मंत्री अनन्त त्रिवेदी ने राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के वर्ष भर संचालित होने वाले विभिन्न संगठनात्मक, सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन शिक्षक हितों के साथ साथ छात्र हित और समाज हित के भी कार्य कर रहा है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज पटेल ने महासंघ की सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक और शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यालयों में नवाचार, अनुशासन एवं शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए सभी शिक्षकों से समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ब्लॉक महामंत्री सुभाष दीक्षित, ब्लॉक संगठन मंत्री सुधाकर विक्रम, ब्लॉक उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह, कोषाध्यक्ष कमल पाल, महिला प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष संगीता दीक्षित, उपाध्यक्ष रंजना जायसवाल, महामंत्री विनीता तिवारी, जिला आईटी सेल प्रभारी अमित तिवारी सहित ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
ये भी पढे- बड़ी खबर: आशीष कुमार पाण्डेय बने कानपुर देहात के नए बीएसए, शासन ने जारी किया आदेश



