कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: बिना बैग के स्कूल जाएंगे क्लास 6-8 के स्टूडेंट्सः 10 दिनों तक 15 तरह की करेंगे एक्टिविटीज

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत लागू होगा 10 'बैगलेस डेज' कार्यक्रम, प्रत्येक स्कूल को मिलेंगे ₹6500

राजेश कटियार, कानपुर देहात। परिषदीय उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बच्चों को कौशल विकास और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने के लिए 10 बैगलेस डेज (बस्ता विहीन दिवस) कार्यक्रम अनिवार्य रूप से लागू किया जा रहा है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार अगस्त से नवंबर 2026 के बीच निर्धारित 10 शनिवारों को बच्चे बिना बस्ते के स्कूल आएंगे और विभिन्न रचनात्मक व तकनीकी गतिविधियों में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रत्येक विद्यालय को ₹6500 की धनराशि भी आवंटित की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को रटने की पद्धति से बाहर निकालकर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है जिससे उनके शारीरिक व मानसिक विकास, अवलोकन क्षमता, कौशल विकास और श्रम के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा दिया जा सके।

इसके साथ ही बच्चों को स्थानीय व्यवसायों, एक जनपद एक उत्पाद और व्यावसायिक शिक्षा से भी जोड़ा जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के आनंदम मॉड्यूल के आधार पर तय की गई गतिविधियों के तहत 22 अगस्त को मिट्टी से खिलौने और मूर्तियां बनाना, 29 अगस्त को औषधीय पौधों का उद्यान व किचन गार्डन तैयार करना, 12 सितंबर को जल संरक्षण और मृदा परीक्षण की कार्यशाला, 19 सितंबर को स्वास्थ्य, स्वच्छता व सिलाई-कढ़ाई और 26 सितंबर को पतंग निर्माण व स्टेम मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसके बाद अक्टूबर महीने में 3 अक्टूबर को मिनी बैंक व वित्तीय साक्षरता, 10 अक्टूबर को कुकिंग व संगीत-नृत्य, 17 अक्टूबर को फोटोग्राफी व ऐतिहासिक स्मारकों का भ्रमण, 24 अक्टूबर को कृत्रिम बुद्धिमत्ता व रोबोटिक्स का परिचय और 31 अक्टूबर को स्क्रैच कोडिंग व ड्रोन टेक्नोलॉजी से बच्चों को रूबरू कराया जाएगा।

इस पूरे कार्यक्रम का समापन 14 नवंबर 2026 को एक भव्य बाल मेले के रूप में होगा जिसमें बच्चे इन 10 दिनों के दौरान सीखी गई गतिविधियों और बनाई गई सामग्रियों की प्रदर्शनी लगाएंगे। इस मेले में अभिभावकों और स्कूल प्रबंध समिति के सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक के स्कूलों में इस समय-सारिणी के अनुसार गतिविधियों का कड़ाई से संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

 

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात: 20 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस और 32 हजार कैश बरामद


 

Related Articles

AD
Back to top button