कानपुर देहात: शिवली पुलिस की बड़ी कार्रवाई 5 वारंटी गिरफ्तार
अदालत के आदेश पर चले विशेष अभियान में मिले वांछित आरोपी, पुलिस ने भेजा जेल

कानपुर देहात: जनपद में अपराध नियंत्रण और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अलग-अलग मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे 5 वारंटियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों में दहेज हत्या (धारा 498-ए, 304-बी) के मामले में सरैया लालपुर निवासी अमित सिंह उर्फ अंशू सिंह शामिल है। वहीं एनआई एक्ट के मामले में रामपुर निवासी सुशील को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पॉक्सो कोर्ट के स्पेशल ट्रॉयल से जुड़े मामले में रामपुर गांव के ही सीमबाबू, पुत्तन उर्फ विनोद कुमार और श्याम जी को दबोचा गया है।
इस सफल कार्रवाई को मैथा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कृष्ण मिश्र, उपनिरीक्षक आनंद कुमार पाण्डेय और उनकी टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने सभी गिरफ्तार वारंटियों को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अदालत के समक्ष पेश कर दिया है।



