कानपुर देहात: स्कूल गेम्स फेडरेशन के वार्षिक खेल कार्यक्रम में बड़ा बदलाव, नया शेड्यूल जारी
कानपुर देहात के बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नए शेड्यूल के अनुसार तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रादेशिक विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों और तिथियों में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने इस संबंध में जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए हैं। प्रतियोगिताओं के संशोधित चार्ट के अनुसार कई खेलों के मेजबान मंडलों में बदलाव किया गया है।
टेबल-टेनिस एवं बैडमिंटन अब बरेली में 21 से 24 अगस्त 2026 तक आयोजित होंगे। फुटबॉल वाराणसी की जगह अब बलिया (आजमगढ़) में 30 अगस्त से 03 सितंबर 2026 तक खेले जाएंगे। हैंडबॉल अयोध्या के स्थान पर अब वाराणसी में 11 से 15 अगस्त 2026 तक प्रतियोगिता होगी। कुश्ती मेरठ की जगह सहारनपुर में 29 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी। तैराकी और डाइविंग अलीगढ़ के बजाय अयोध्या में 05 से 08 अगस्त 2026 तक संपन्न होंगे।
जूडो अब सहारनपुर में 09 से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा।शतरंज आजमगढ़ की जगह अलीगढ़ में 15 से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। कबड्डी आजमगढ़ के स्थान पर गोरखपुर में 20 से 23 अक्टूबर 2026 तक मुकाबले होंगे।बीएसए ने निर्देश दिया है कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी अपने ब्लॉक के विद्यालयों के व्यायाम शिक्षकों को इस बदलाव के बारे में तुरंत सूचित करें। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि खिलाड़ी संशोधित समय सारणी के अनुसार अपनी तैयारी पूरी रखें ताकि प्रतियोगिताओं का सफल संपादन हो सके।



