कानपुर देहात: परिषदीय विद्यालयों के एसएमसी खातों को लेकर बीएसए का कड़ा रुख, 5 दिन में बैंक विवरण देने का अल्टीमेटम
समग्र शिक्षा और पीएम श्री योजना में एसएनए-स्पर्श प्रणाली लागू; राष्ट्रीयकृत बैंक में खुलेंगे 2 नए खाते, लापरवाही पर नपेंगे खंड शिक्षा अधिकारी।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। परिषदीय विद्यालयों में योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सख्त कदम उठाया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए समग्र शिक्षा और पीएम श्री योजना के तहत मिलने वाली धनराशि के आवंटन व भुगतान हेतु एसएनए-स्पर्श प्रणाली को अनिवार्य कर दिया है।
इसके अंतर्गत सभी विकासखंडों के परिषदीय विद्यालयों की विद्यालय प्रबंध समिति के नाम पर किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक में दो अलग-अलग नए बचत खाते खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं जिनका संचालन समिति के अध्यक्ष और सदस्य सचिव (प्रधानाध्यापक) के संयुक्त हस्ताक्षरों द्वारा किया जाएगा।
पूर्व में दिए गए आदेशों के बावजूद तय समय सीमा में खातों की जानकारी न देने पर नाराजगी जताते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आगामी 5 कार्य दिवसों के भीतर निर्धारित प्रारूप पर बैंक का नाम, शाखा, भारतीय वित्तीय प्रणाली संहिता (आईएफएससी कोड) और खाता संख्या सहित पूरा विवरण कार्यालय में जमा करने का कड़ा अंतिम निर्देश दिया है। समय पर सूचना न देने के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी विपरीत स्थिति या असहजता के लिए संबंधित अधिकारी खुद जिम्मेदार होंगे।



