कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूजशिक्षा

Primary School Toilet Pass System: प्राथमिक विद्यालय मंगटा में कक्षा प्रबंधन के लिए नई पहल, BEO ने सराहा

प्राथमिक विद्यालय मंगटा द्वितीय में शुरू हुई टॉयलेट और वॉटर पास व्यवस्था, कक्षा में सुधरेगा अनुशासन।

कानपुर देहात: परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य के दौरान बच्चों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और कक्षा में बेहतर अनुशासन स्थापित करने के लिए प्राथमिक विद्यालय मंगटा द्वितीय ने एक अनूठा नवाचार शुरू किया है। विद्यालय प्रशासन ने पढ़ाई के समय बच्चों के बार-बार बाहर जाने की समस्या के समाधान के लिए आकर्षक ‘टॉयलेट पास’ और ‘वॉटर पास’ व्यवस्था लागू की है।
विद्यालय में 95 छात्राएं नामांकित हैं। अक्सर देखा जाता है कि शिक्षण कार्य के दौरान कई बच्चे एक साथ पानी पीने या टॉयलेट जाने के बहाने कक्षा से बाहर निकल जाते हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है। इसी समस्या को रोकने के लिए विद्यालय स्तर पर यह नवाचार अपनाया गया है।
कार्टून चित्रों से सजे हैं रंगीन पास, ऐसे काम करता है सिस्टम
प्रधानाध्यापक आशीष द्विवेदी ने बताया कि ये पास कक्षाओं की दीवारों पर टांगे गए हैं। जिस भी छात्रा को बाहर जाना होता है, वह पास लेकर ही जाती है। सीमित संख्या में पास होने के कारण एक बार में केवल निर्धारित संख्या में ही बच्चे बाहर जा सकते हैं। पास दीवार पर न होने की स्थिति में बच्चे स्वतः समझ जाते हैं कि कोई सहपाठी पहले से बाहर है, जिससे वे शिक्षक से बार-बार पूछकर पढ़ाई में व्यवधान नहीं डालते। बच्चों के मनोविज्ञान को ध्यान में रखते हुए पास पर सुंदर कार्टून चित्र बनाए गए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया प्रेरणादायक मॉडल
खंड शिक्षा अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने विद्यालय के इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे अन्य परिषदीय स्कूलों के लिए भी अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि यह बच्चों को अनुशासित करने का एक व्यावहारिक और मनोवैज्ञानिक तरीका है।
इस नवाचार को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक आशीष द्विवेदी, सहायक अध्यापक वरुण कुमार, अवधेश सिंह यादव, सहायक अध्यापिका शिखा वर्मा और शिक्षामित्र सरिता देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

 

Related Articles

AD
Back to top button