कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात: त्योहारों से पहले भारी पुलिस बल के साथ अचानक सर्राफा बाजार पहुंचीं SP, व्यापारियों से कही ये बड़ी बात!
मूसानगर में एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय को पैदल गश्त करते देख मची हलचल, सीसीटीवी और सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमे को दिए सख्त निर्देश।

मूसानगर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानपुर देहात पुलिस पूरी तरह से ‘अलर्ट मोड’ पर आ गई है। बुधवार (4 नवंबर) को जब जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) श्रद्धा नरेंद्र पांडेय अचानक भारी पुलिस बल के साथ मूसानगर के सर्राफा और प्रमुख बाजारों में उतरीं, तो इलाके में हलचल मच गई। एसपी ने खुद सड़क पर उतरकर पैदल गश्त की और चप्पे-चप्पे की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
व्यापारियों से सीधा संवाद, दिए ये निर्देश: बाजार भ्रमण के दौरान एसपी ने सर्राफा व्यापारियों और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनका हाल जाना। उन्होंने व्यापारियों को दो टूक निर्देश दिए कि अपनी दुकानों के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को तुरंत चेक कर लें कि वे चालू हालत में हैं या नहीं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत: पैदल गश्त के दौरान एसपी ने मातहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बाजारों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त होनी चाहिए। अपराधियों और संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जाए, ताकि त्योहारों के दौरान कोई भी अप्रिय घटना न हो सके। एसपी के इस कड़े रुख से अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है।



